उत्तराखंड: सिपाही ने थप्पड़ मारा तो भाजपा नेता के बेटे ने कर ली खुदकुशी

नैनीताल।उत्तराखंड के नैनीताल जिले में भाजपा नेता के बेटे ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि एक कांस्टेबल की पिटाई से आहत होकर बेटे ने आत्मघाती कदम उठाया है। जबकि पुलिस ने पिटाई की बात से इनकार कर दिया है। यह मामला कालाढूंगी थाना क्षेत्र का है।
मिलीं जानकारी के अनुसार सयात गांव के रहने वाले भाजपा के जिला कार्यकारिणी सदस्य विशन नगरकोटी मंडल महामंत्री और बीडीसी सदस्य भी रहे हैं। बताया कि शुक्रवार दोपहर उनका पुत्र कमल (31) बाइक से जा रहा था। तभी चौकी के एक सिपाही ने उसे रोक लिया। चेकिंग के दौरान सिपाही ने उसे थप्पड़ मारा और अभद्रता की, यह बात कमल को चुभ गई। जिससे आहत होकर उसने जहर खा लिया। जब परिजनों को पता चला तो वो उसे बेस अस्पताल ले गए। जहां उसे डॉक्टरों ने उसे सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
इस मामले में मृतक के पिता का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर तहरीर सौंपी जाएगी। इधर, मामले में कालाढूंगी के थानाध्यक्ष विजय मेहता का कहना है कि युवक के जहर खाने की जानकारी मिली है। उसके नशेड़ी होने का पता चला है। पुलिस कांस्टेबल की ओर से मारपीट जैसी कोई बात नहीं है।








