राजधानी दून में कुत्तों का आतंक, डॉग्स से हैं परेशान तो इस नंबर पर दें सूचना, SSP ने दिए निर्देश

देहरादून।राजधानी देहरादून के राजपुर क्षेत्र के किशननगर की रहने वाली 75 साल की कौशल्या देवी को रविवार सुबह करीब चार बजे मंदिर जाते वक्त पड़ोसी के रॉटविलर के दो कुत्तों ने काट लिया। हमले में चेहरा-कान से लेकर हाथ का मांस तक को नोच डाला।जिसके बाद महिला का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। कुत्तों के हमले में महिला बेहद गम्भीर रूप से घायल हो गई थीं। अस्पताल में डॉक्टर्स की टीम ने महिला के हाथ की सर्जरी की। दून पुलिस ने कुत्तों के मालिक को हिरासत में लिया है। पुलिस ने बताया कि कुत्तों के मालिक द्वारा खतरनाक नस्ल के कुत्तों को पालने के सम्बन्ध में नगर निगम से कोई लाइसेंस नहीं लिया गया है। जिसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बता दें कि राजधानी में खूंखार कुत्तों के हमले की यह पहली घटना नहीं हैं। पूर्व में भी इस तरह की कई घटनाएं आ चुकी हैं। राजधानी में खतरनाक प्रजाति के 300 से ज्यादा कुत्ते पाले जा रहे हैं। इनमें रॉटविलर, पिटबुल, डाबरमैन और बुल्डोग जैसी नस्लें शामिल हैं। यह संख्या तो वह है जिनका पंजीकरण नगर निगम में है। इसके अलावा बिना पंजीकरण के भी लोगाें ने कई प्रजातियों के कुत्ते पाले हैं।
12 मार्च 2024 को भारत सरकार ने आदेश जारी कर कुत्तों की 23 ऐसी नस्लों पर प्रतिबंध लगाया था जो बेहद खतरनाक मानी जाती हैं। इन नस्लों के कुत्तों के आयात, प्रजनन और इनकी बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई थी। देहरादून में इस साल की बात करें तो अभी तक नगर निगम में खूंखार प्रजाति के करीब 14 कुत्तों का पंजीकरण कराया गया है। इनमें पिटबुल, रॉटविलर, डाबरमैन, अमेरिकन बुली, फ्रेंच मस्टी आदि शामिल हैं। इनका पंजीकरण नगर निगम में सशर्त किया गया है। इसके तहत कुत्ते की नसबंदी कराना और उसको एंटी रैबीज वैक्सीन लगाना अनिवार्य है।
अब पुलिस व नगर निगम ने एडवायजरी करते हुए आमजन से अनुरोध किया है कि यदि आपके आसपास भी खूंखार नस्ल के कुत्तों का खतरा बना हुआ है तो तत्काल 112 नंबर या नगर निगम कार्यालय को इसकी सूचना दे सकते हैं, तत्काल इस पर कार्रवाई की जाएगी।








