हरिद्वार: झोपड़ी में लगी आग, तीन साल के मासूम की मौत…

हरिद्वार। चंडीघाट पुल के समीप में देर रात बड़ा हादसा हो गया। गौरीशंकर पार्किंग में बनी एक झोपड़ी में अचानक आग लग गई। इस दौरान झोपड़ी में सो रहे एक तीन साल के मासूम की जिंदा जलने से मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, सोनू साहू मूल निवासी पाडलीगंज, थाना दुल्हन बाजार, पटना बिहार अपनी पत्नी सुनीता व चार बच्चों के साथ गौरीशंकर पार्किंग क्षेत्र में झोपड़ी बनाकर रह रहा था। मंगलवार देर रात वह पत्नी व दो बेटियों नंदिनी (9 वर्ष) और मुस्कान (6 वर्ष) के साथ झोपड़ी के बाहर सोया हुआ था। जबकि उसके दोनों बेटे कृष्णा (3 वर्ष) और मुन्ना (4 वर्ष) झोपड़ी के अंदर सो रहे थे। इस दौरान झोपड़ी में अचानक आग लग गई। इस दौरान कृष्णा की जलने से मौत हो गई। वहीं, मुन्ना बुरी तरह से झुलस गया।
प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण झोपड़ी के भीतर जलाई गई मोमबत्ती बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया है। फोरेंसिक टीम आग लगने के सही कारणों की गहनता से जांच कर रही है।








