देहरादून डबल मर्डर केस: पति और ससुर की हत्या में महिला और प्रेमी को आजीवन कारावास

देहरादून। रायपुर क्षेत्र में वर्ष 2017 में घटित दोहरे हत्याकांड में अदालत ने दोषियों को कठोर आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषियों पर 55-55 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया है साथ ही मृतक के बेटे को एक लाख रुपए मुआवजा के रूप में देने के आदेश दिए हैं। मुआवजे की राशि नहीं देने पर जिलाधिकारी को दोषियों की सम्पत्ति कुर्क करके धनराशि देने को कहा गया है।
मिलीं जानकारी के अनुसार 5 मार्च 2017 की रात 02 बजे डोईवाला पुलिस को हरिद्वार हाईवे पर कुआंवाला के पास एक लावारिस खड़ी सेंट्रो कार में चादर और कंबल से लिपटे दो शव बरामद हुए थे। कार से बरामद दस्तावेजों से पता चला कि कार रायपुर क्षेत्र की रहने वाली दीपिका पत्नी राजेश राणा के नाम पंजीकृत है। डोईवाला पुलिस ने रायपुर थाने से संपर्क किया तो जानकारी मिली कि 05 मार्च की रात 09 बजे दीपिका ने शिकायत दी थी कि उनके पति राजेश राणा और ससुर प्रेम सिंह राणा बुलंदशहर के लिए निकले थे। दोनों अब तक नहीं लौटे हैं। दोनों के मोबाइल पर घंटी जा रही है, लेकिन फोन नहीं उठ रहा है। जिसके बाद पुलिस ने राजेश राणा और प्रेम सिंह के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाए, तो दोनों की अंतिम लोकेशन मियांवाला में मिली।
पुलिस ने शक के आधार पर दीपिका से पूछताछ की तो दीपिका ने बताया कि उसके योगेश अरोड़ा निवासी तपोवन के साथ संबंधों की जानकारी उसके पति राजेश राणा को लग गई थी। इसलिए दीपिका ने प्रेमी के साथ मिलकर पति और ससुर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। योजना के तहत 4 मार्च 2017 को योगेश अरोड़ा पीछे के दरवाजे से घर में दाखिल हुआ। उसके बाद उन्होंने राजेश और प्रेम सिंह का उन्हीं के बेडरूम में गला घोंटकर और फिर चाकू से गोद कर हत्या कर दी थी।
जिसके बाद रात ही दोनों के शव चादर और कंबल में लपेटकर कुआंवाला के पास कर में छोड़ दिए। दोनों ने कार में पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की, लेकिन शीशा बंद होने के कारण आग बुझ गई। इस दौरान योगेश अरोड़ा का चेहरा भी झुलस गया था। इस खुलासे के बाद डोईवाला पुलिस ने दीपिका और योगेश अरोड़ा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बता दें कि साल 2007 में दीपिका और राजेश की शादी हुई थी. साल 2009 में उनके बेटे का जन्म हुआ था।








