देहरादून ब्रिगेडियर हत्याकांड: एक्शन में दून पुलिस, रात भर चला ‘ऑपरेशन नाइट वॉच’

0
1

देहरादून। सोमवार को देहरादून में सुबह की सैर के दौरान एक सेवानिवृत्त सेना ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत हो गई, जो कथित तौर पर एक नाइटक्लब विवाद के बाद दो समूहों के बीच हुई गोलीबारी में फंस गए थे।

फायरिंग में सेना से रिटायर्ड ऑफिसर को लगी थी गोली: ये पूरा घटनाक्रम देहरादून के राजपुर इलाके में जोहड़ी गांव के पास मसूरी रोड पर हो रहा था। इस दौरान रोज की तरह फौज के रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी अपने साथियों के साथ मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। स्कॉर्पियो सवार बदमाशों द्वारा की जा रही ताबड़तोड़ फायरिंग में एक गोली रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी को लग गई। उनके साथियों को इसका अहसास तब हुआ जब वो धड़ाम से नीचे गिर गए। साथियों ने उन्हें उठाया तो उनके सीने से खून निकलता दिखा। जैकेट हटाई तो देखा सीने पर छेद हुआ है। तब वो लोग समझे कि कार सवार जो फायरिंग कर रहे थे, उनकी गोली रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी को लगी है।

गोली लगने से रिटायर्ड ब्रिगेडियर की हुई थी मौत: रिटायर्ड फौजी अफसर के साथी उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके। रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी की मौत हो गई। इससे देहरादून के लोगों में आक्रोश फैल गया। अस्पताल में मौजूद लोगों ने एसएसपी को काफी खरी-खोटी सुनाई। लोगों ने आरोप लगाया कि पब, बार, क्लब, होटल और रेस्टोरेंट निर्धारित समय के बाद भी खुले रहते हैं. कोई उनकी चेकिंग करने वाला नहीं है।

हत्या के बाद देहरादून पुलिस ने चलाया अभियान:देहरादून पुलिस की लापरवाही की चर्चा होने लगी। इसके बाद देहरादून पुलिस ने एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के नेतृत्व में देर रात तक निर्धारित समय के बाद तक खुलने वाले क्लब, बार, होटल और रेस्टोरेंटों पर छापा मारा। एसपी सिटी, एसपी ट्रैफिक, एसपी देहात ने खुद एसएसपी के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों के साथ नगर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान संबंधित क्षेत्राधिकारियों के साथ अलग- अलग पुलिस टीमों द्वारा निर्धारित समयावधि के बाद खुलने वाले बार/ रेस्टोरेंट पर की गई कार्रवाई की गई।

रात भर चला ‘ऑपरेशन नाइट वॉच’:दरअसल जब पिछले दिनों दो छात्र गुटों के बीच हुई झड़प में जब एक छात्र की जान चली गई थी तो उसके बाद से देहरादून पुलिस ने ‘ऑपरेशन नाइट वॉच’ लॉन्च किया। यानी पुलिस रात भर सक्रिय रहेगी और शहर में होने वाली किसी भी गैर कानूनी कार्रवाई पर एक्शन लेगी। लेकिन पुलिस के इस अभियान की पोल सोमवार सुबह ही खुल गई। इसके बाद सोमवार रात से फिर इस अभियान को सख्ती से लागू करने का पुलिस ने दावा किया है।

SSP प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार देहरादून पुलिस ने अभी तक इस मामले में 4 आरोपियों गो गिरफ्तार किया है। हालांकि ये आरोपी उस फॉर्च्यूनर कार में सवार थे, जिस पर स्कॉर्पियो सवार लोग फायरिंग कर रहे थे। स्कॉर्पियो सवार चार अराजक तत्व अभी पुलिस की गिरफ्तार से बाहर हैं।

Enews24x7 Team

Comments are closed.