स्वास्थ्य विभाग सतर्क, उत्तराखंड में फिर बढ़ी कोरोना की रफ्तार

देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र में एक 45 वर्षीय महिला की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। महिला ने एक निजी लैब में कोरोना जांच कराई थी, जिसकी रिपोर्ट मंगलवार को सामने आई। महिला को कोई गंभीर लक्षण नहीं हैं और डाक्टरों की सलाह पर वह फिलहाल होम आइसोलेशन में ही रहकर उपचार ले रही है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण के कुल 35 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 27 मरीज देहरादून और एक मरीज हरिद्वार से है। वहीं, सात मरीज राज्य से बाहर जा चुके हैं। वर्तमान में जिले में कुल छह सक्रिय मामले हैं। यह सभी होम आइसोलेशन में हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों को किया अलर्ट
देहरादून में बढ़ते मरीजों की संख्या के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया है। साथ ही कोरोना जांच बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। कई अस्पतालों में फ्लू ओपीडी भी शुरू की गई है, जहां सर्दी-खांसी, बुखार, गले में खराश जैसे लक्षण वालों की अलग से जांच की जा रही है।
डेंगू का प्रकोप जारी, लगातार मिल रहे मरीज
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस साल 88 मामले डेंगू के सामने आए हैं, जिसमें से 52 लोग रिकवर हुए हैं, वर्तमान में 13 एक्टिव केस हैं, यह सभी मरीज निजी अस्पतालों में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
देहरादून में बीते रोज 104 मरीजों की डेंगू जांच की गई, जांच के बाद चार मरीज पॉजिटिव पाए गए। सभी मरीजों की स्थिति सामान्य है। इसमें तीन मामले देहरादून जबकि एक बिजनौर से है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अब तक डेंगू नियंत्रण के लिए संयुक्त रूप से आशा और ड़ेंगू कार्यकर्ताओं की तरफ से 14688 घरों का सर्वे किया जा चुका है। इस दौरान 56 घरों में लार्वा पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि घरों में साफ सफाई रखें, गमले, कूलर और घर के आसपास पानी नहीं जमा होने दें, ताकि डेंगू मच्छर पनप ना पाएं।







