चरम पर रहा तीर्थयात्रियों का उत्साह, चारधाम यात्रा में भक्तों की संख्या ने बनाया रिकॉर्ड

चमोली।बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ चारधाम यात्रा छह माह के लिए स्थगित हो जाएगी। इस बार यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं ने रिकॉर्ड बनाया है। भू बैकुंठ बदरीनाथ धाम के कपाट मंगलवार यानी आज दोपहर 2 बजकर 56 मिनट पर विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। ऐसे में बदरीनाथ धाम का अलौकिक पुष्प श्रृंगार किया गया है। जिसके तहत 10 क्विंटल फूलों से धाम को सजाया गया है। काफी संख्या में श्रद्धालु कपाट बंदी के खास मौके पर साक्षी बनने के लिए धाम पहुंचे हुए हैं। अनुमान है कि कपाट बंदी के दौरान 5 हजार से ज्यादा श्रद्धालु धाम में मौजूद रहेंगे।
बता दें कि चारधामों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा 51 लाख पहुंच गया है। जबकि पिछले साल 48 लाख ने दर्शन किए थे। इस साल चारधाम यात्रा का आगाज 30 अप्रैल 2025 को यमुनोत्री व गंगोत्री धाम के कपाट खोलने से हुआ था। केदारनाथ धाम का कपाट दो मई व बदरीनाथ धाम के कपाट चार मई को खुले थे। केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट बंद हो चुके हैं। 25 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने से चारधाम यात्रा पूर्ण रूप से शीतकाल के लिए स्थगित रहेगी। चारधामों की पूजा अर्चना शीतकालीन प्रवास स्थल होती है। जहां पर श्रद्धालु शीतकालीन यात्रा में पूजा पाठ व दर्शन कर सकते हैं।
इस बार केदारनाथ व बदरीनाथ धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं ने रिकॉर्ड बनाया है। बीते वर्ष केदारनाथ धाम में 16.51 लाख व बदरीनाथ धाम में 14.35 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। इस बार केदारनाथ में 17.68 लाख से अधिक व बदरीनाथ धाम में 16.53 लाख दर्शन कर चुके हैं। उत्तरकाशी जिले में आपदा के कारण यमुनोत्री व गंगोत्री धाम की यात्रा प्रभावित रहने से श्रद्धालुओं की संख्या में कम रही।
- धाम दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या
- केदारनाथ 17,68,795
- बदरीनाथ 16,52,971
- गंगोत्री 7,58,249
- यमुनोत्री 6,44,637
- हेमकुंड साहिब 2,74,441








