रहिए सतर्क, उत्तराखंड के इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

0
0

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून अपने चरम पर है। इस बीच मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने आज उत्तराखंड के पिथौरागढ़ व बागेश्वर जनपद के अधिकांश स्थानों पर गरज और चमक के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है। देहरादून, टिहरी और बागेश्वर जनपद में कहीं-कहीं गरज और चमक के साथ भारी का पूर्वानुमान जताया है। राज्य के शेष जिलों में भी भारी बारिश का अंदेशा जताया है। जिसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

देहरादून मौसम विभाग के मुताबिक देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश गरज व चमक के साथ हो सकती है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान 33°C व 24°C के लगभग रहने की संभावना है। वहीं आज सुबह मसूरी-देहरादून को जोड़ने वाली झड़ीपानी रोड पर भारी भूस्खलन हुआ, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और एक विशाल बोल्डर गिरे, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया. भूस्खलन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। पर्यटक, स्थानीय लोग मार्ग पर कई देर फंसे रहे।

वहीं केदारनाथ पैदल मार्ग पर गौरीकुण्ड से लगभग एक किलोमीटर आगे छोड़ी गधेरे मे भारी भरकम बोल्डर आने से पैदल मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया है। ऐसे फिलहाल यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए आवागमन रोका गया है। संबंधित कार्यदाई संस्था के मजदूर मार्ग को खोलने मे लगे हैं। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए जिला पुलिस, एनडीआरएफ, डीडीआरएफ, एसडीआरएफ की टीमें तैनात है। गंगोत्री हाइवे पापडगाड के पास भूधंसाव की चपेट में आ गया है और सुबह से हाइवे पर यात्री फंसे हुए हैं। बीआरओ की मशीन मौक़े पर पहुँच गयी है और मार्ग को खोलने की कोशिश जारी है। गंगोत्री हाइवे पर कई जगह भूधंसाव के हालात बने हुए हैं।

Enews24x7 Team

Comments are closed.