
देहरादून:प्रदेशभर से आईं सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने आज अपनी लंबित मुख्य मांगें मानदेय में वृद्धि, सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त राशि प्रदान करने को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं कनक चौक पर जुटीं और सचिवालय की ओर कूच करने लगीं। लेकिन सचिवालय के पास पहुंचने से पहले ही पुलिस ने कड़ी बेरिकेडिंग लगाकर उनका रास्ता रोक दिया। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बहस की स्थिति भी बनी।
राज्य के 13 जिलों से आई महिलाओं ने सरकार से जल्द अपनी मांगों को पूरा करने की अपील की और जोरदार नारेबाज़ी के साथ अपना आक्रोश जताया। सचिवालय क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनज़र भारी पुलिस बल तैनात रहा।








