उत्तराखंड में आज राहत देगा मौसम, पर्वतीय जिलों में तेज बारिश की संभावना

देहरादून। उत्तराखंड में इस मॉनसून सीजन में हालात इतने खराब हो गए हैं कि पर्वतीय इलाकों में लोगों को अपने घरों को छोड़ना पड़ रहा है। कहीं भूधंसाव, तो कहीं बादलों के फटने के कारण लोग बेघर हो गए हैं। कई दिनों बाद आज उत्तराखंड को बारिश से थोड़ा राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने आज 9 सितंबर के लिए जो अनुमान जारी किया है, उसके अनुसार आज उत्तराखंड के पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ बिजली चमकेगी। इसके साथ ही वर्षा के तीव्र दौर आ सकते हैं। राज्य के मैदानी क्षेत्रों के लिए बारिश का आज कोई पूर्वानुमान नहीं है। मैदानी जिलों में सिर्फ बादल गरजेंगे और बिजली चमकेगी।
इसके साथ ही मौसम विभाग ने 10, 11 और 12 सितंबर तक का मौसम का पूर्वानुमान जारी कर दिया है। 10 सितंबर को भी मौसम का 9 सितंबर जैसा ही पैटर्न रहेगा। 11 सितंबर को मौसम फिर करवट बदलेगा। इस दिन राज्य के पर्वतीय जिलों के साथ ही उधम सिंह नगर जिले में भी वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की संभावना है।
वहीं 12 सितंबर को मानसून पूरी तरह फिर से सक्रिय हो जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार इस दिन राज्य के देहरादून, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश के तेज से बहुत तेज दौर होने की संभावना है। राज्य के बाकी जिलों में भी बारिश होगी।
उत्तराखंड के शहरों में सोमवार की तुलना में तापमान में हल्का बदलाव हुआ है। आज राजधानी देहरादून का अधिकतम तापमान 29° सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24° सेल्सियस है। हरिद्वार में सोमवार को अधिकतम तापमान 31° सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24° सेल्सियस था। आज यहां अधिकतम तापमान 32° सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26° सेल्सियस है। यानी हरिद्वार में भी तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है।








