स्वच्छता सर्वेक्षण के परिणाम घोषित, दून सहित इन शहरों का रहा ऐसा प्रदर्शन, जानिए

उत्तराखंड/देहरादून।स्वच्छता सर्वेक्षण के नतीजे गुरुवार को घोषित किए गए। देहरादून नगर निगम ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में बेहतर प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर 62वीं रैंक प्राप्त की है। यह पिछले साल की तुलना में 6 पायदान की छलांग है, जब देहरादून 68वें स्थान पर था। इस साल 68वीं रैंक रुद्रपुर नगर निगम को मिली है।
इस तरह से उत्तराखंड में 62वीं रैंक के साथ देहरादून पहले पायदान और रुद्रपुर दूसरे पायदान पर है। जबकि, हरिद्वार की 363 वीं रैंक आई। हल्द्वानी की रैंकिंग 291 वीं आई है, जो पिछली बार 237 थी। हल्द्वानी की रैंकिंग में 54 अंकों की गिरावट आई है, जो बताता है कि स्वच्छता को लेकर ठोस काम नहीं हुए हैं।
इसी तरह की कोटद्वार की 232, पिथौरागढ़ की 177 और अल्मोड़ा की 907 वीं रैंक आई है। उत्तराखंड में अल्मोड़ा की सबसे खराब रैंक आई है. जबकि, टॉप परफॉर्मर में लालकुआं नगर पंचायत रही। लालकुआं को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सम्मानित किया। कुल मिलाकर लालकुआं नगर पंचायत ने बढ़िया काम किया है। अगर देश के टॉप टेन में पहुंचना है तो सभी नगर निगमों, नगर पालिका और नगर पंचायतों को पसीना बहाना होगा।
नगर आयुक्त नमामि बंसल ने इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाईकर्मियों और शहरवासियों को बधाई देते हुए कहा — “यह केवल एक रैंकिंग नहीं, बल्कि देहरादून को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने की दिशा में एक अहम कदम है। नगर निगम भविष्य में और बेहतर करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
घर-घर कचरा संग्रहण, जागरूकता अभियान, तकनीकी सुधार और सतत निगरानी जैसी पहलों के चलते यह सफलता हासिल हुई। निगम का लक्ष्य आने वाले वर्षों में देश के सबसे स्वच्छ शहरों की सूची में शामिल होना है।








