उत्तराखंड: स्पा सेंटर में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़, 4 युवतियां और एक युवक गिरफ्तार

हरिद्वार/रुड़की। मानव तस्कर विरोधी सेल और पुलिस की टीम ने छापा मारकर रामनगर चौक पर स्थित स्पा सेंटर में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान आपत्तिजनक स्थिति में चार युवतियों और एक युवक को हिरासत में लिया है। स्पा सेंटर से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। बताया गया है कि स्पा सेंटर की आड़ में सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दरअसल एएचटीयू की उपनिरीक्षक राखी रावत ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के रामनगर में एक 20-20 स्पा सेंटर है। इस सपा सेंटर पर सेक्स रैकेट चलाया जा रहा है। जिसके बाद टीम द्वारा गंगनहर पुलिस को साथ लेकर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान स्पा सेंटर के रिसेप्शन पर बैठी महिला के दराज से आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। इसके बाद टीम ने जब अंदर जाकर एक कमरा खोला तो एक युवक और युवती आपत्तिजनक अवस्था में मिले। वहीं दूसरे कमरे में भी दो युवतियां मिलीं। टीम द्वारा पूछताछ करने पर युवतियों ने बताया कि स्पा सेंटर गुरमीत पुत्र मदन सिंह निवासी सहारनपुर का है।
युवतियों ने कहा कि गुरमीत यहां ग्राहकों को बुलाता है और 1200 रुपए उनसे लेता है। इसमें से 500 रुपए युवती को दिए जाते हैं। इसी के साथ उन्होंने बताया कि यहां से युवतियों को ग्राहक होटलों में भी लेकर जाते हैं। वहीं युवती के साथ पकड़ा गया युवक फ़तेहपुर, सहारनपुर उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया गया है। पकड़ी गई युवतियां बिजनौर, देहरादून, सहारनपुर और दिल्ली की निवासी बताई गई हैं। स्पा सेंटर मालिक अभी फरार बताया गया है।
गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी ने बताया कि सेंटर संचालक समेत सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।







