यूपी से लापता महिला की उत्तराखंड में मिली अर्धनग्न लाश, मौत बनी रहस्य

0
1

उत्तराखंड।उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से 27 मई को एक महिला लापता हुई थी। उसकी लाश करीब 400 किलोमीटर दूर उत्तराखंड के नैनीताल जिले के भीमताल झील में अर्धनग्न अवस्था में मिली। यह रहस्यमयी मौत न केवल महिला के परिवार बल्कि जालौन और उत्तराखंड पुलिस के लिए भी पहेली बन गई है। फिलहाल पुलिस इसे सुसाइड, मर्डर और प्रेम-प्रसंग से जोड़कर जांच कर रही है।

मृतक महिला की पहचान 30 वर्षीय पुष्पा देवी के रूप में हुई है। वो डकोर थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। वो 27 मई को अपने पति ऋषि तिवारी के साथ मायके गंगाधाम, जालौन आई थी। पति उसे मायके छोड़कर उसी दिन डकोर लौट गया था. रात में जब उसने पत्नी को फोन किया तो कॉल नहीं लग सका। अगली सुबह यानी 28 मई को ऋषि दोबारा ससुराल आया और सास-ससुर से पुष्पा के बारे में जानकारी ली। सास निर्मला देवी और ससुर रामकुमार गोस्वामी ने बताया कि पुष्पा रात से ही गायब है।

कई दिनों तक परिजनों ने रिश्तेदारी और आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद जालौन कोतवाली में पुष्पा की गुमशुदगी दर्ज कराई गई। इस बीच 7 जून को उत्तराखंड के हल्द्वानी थाना क्षेत्र अंतर्गत भीमताल झील के पास एक महिला का अर्धनग्न शव मिलने की सूचना स्थानीय पुलिस को मिली। शव की तस्वीरें आस-पास के जिलों की पुलिस को भेजी गईं। जालौन पुलिस को जब इसकी जानकारी हुई तो पुष्पा के परिजन उत्तराखंड पहुंचे और शव की पहचान पुष्पा देवी के रूप में की।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मौत की गुत्थी सुलझा ली जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल सबूतों के आधार पर पुलिस जल्द किसी नतीजे पर पहुंचेगी।

Enews24x7 Team

Comments are closed.