रोहित नेगी हत्याकांड: दून पुलिस ने मुठभेड़ में दोनो हत्यारोपी दबोचे
देहरादून।भाजपा नेता रोहित नेगी की गोली मारकर हत्या करने वाले दो आरोपितों को दून पुलिस ने 36 घंटे के अंदर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से ही दून पुलिस हत्यारोपियों का पीछा कर रही थी। पांच टीमों को मुजफ्फरनगर व नोएडा भेजा गया था।
पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपित मुजफ्फनगर-मंगलौर की सीमा से निकल रहे हैं। इसी बीच देर रात मोहम्मद अजहर त्यागी पुत्र अब्दुल रब निवासी प्रधान पट्टी बरला थाना पुरकाजी जिला मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश और आयुष कुमार उर्फ सिकंदर पुत्र विजय कुमार निवासी मालैन्डी शामली उत्तर प्रदेश बॉर्डर पर देखे गए। आरोपियों के भागने पर फायरिंग में दोनों को गोली लगी। जिसके बाद दोनों आरोपियों की गंभीर स्थिति को देखते हुए एम्स ऋषिकेश के लिए रेफर किया गया।
ये है पूरा मामला:- मंगलवार तड़के प्रेमनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि मांडूवाला के पीपल चौक पर एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि घायल को उसके साथी ग्राफिक ऐरा अस्पताल ले गए हैं। पुलिस अस्पताल पहुंची तो मालूम हुआ कि घायल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान रोहित नेगी के रूप में हुई। नेगी के दोस्तों ने पुलिस को बताया कि रोहित नेगी के साथ पांच-छह दोस्त पार्टी कर रहे थे। इनमें एक युवती भी शामिल थी। युवती रोहित नेगी के दोस्त की मित्र है। इसी बीच युवती के फोन पर अजहर मलिक का फोन आया। वह उससे झगड़़ा करने लगी।
रोहित नेगी ने दोनों की बातें सुनी तो पता चला कि वह अजहर युवती को गंदी गंदी गालियां दे रहा था। इस पर नेगी को भी गुस्सा आया और वह भी अजहर के साथ झगड़ने लगा। जैसे तैसे सभी ने एक दूसरे को समझा बुझाकर शांत किया। कुछ देर बाद सभी वहां से रोहित नेगी की कार में अपने अपने घर की ओर चल दिए। यहां पहले से ही अजहर अपने एक दोस्त के साथ मोटरसाइकिल पर खड़ा हुआ था। रोहित ने जैसे ही कार रोकी तो अजहर ने कार के सामने शीशे से सटाकर गोली मार दी। यह गोली रोहित के गले में जाकर लगी।








