Uttarakhand Weather: आज इन जिलों में बारिश के आसार, येलो अलर्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड के अधिकांश जनपदों में मंगलवार से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। दून समेत सात जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले के ऊंचाई वाले हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। जबकि टिहरी, देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिले में कहीं-कहीं तेज बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फरवरी के दूसरे सप्ताह में बारिश की संभावना कम है। ऐसे में मौसम शुष्क रहने से मैदान से पहाड़ तक तापमान बढ़ने के आसार हैं।
बता दें कि सोमवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहा। अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने से दिन में गर्मी महसूस की गई। हालांकि रात और दिन में अभी भी ठंड पड़ रही है।







