उत्तराखंड: अलकनंदा में गिरी टेंपो ट्रैवलर, 19 लोग थे सवार, दो की मौत, कई लापता

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में भयानक बस हादसा हुआ है। बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर घोलतीर में एक टेंपो ट्रैवलर अलकनंदा नदी में गिर गई है। टेंपो ट्रैवलर उफनती अलकनंदा नदी में समा गई है। इस बस में चालक समेत कुल 19 लोग सवार थे।
हादसे की सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि राजस्थान के उदयपुर से यात्रा पर आए एक परिवार के 17 लोग इस वाहन में सवार थे। जो केदारनाथ दर्शन के बाद आज सुबह बदरीनाथ दर्शन के लिए निकले थे।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि अब तक नौ लोगों को रेस्क्यू किया गया है, जिनमें दो की मौत हो चुकी है। मृतकों में एक महिला भी शामिल है। आठ घायलों को जिला चिकित्सालय भेजा गया है। घायलों में कई छोटे बच्चे भी हैं। एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने अलकनंदा नदी में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है, लेकिन तेज बहाव और दुर्गम स्थल के कारण राहत कार्य में खासी मुश्किलें आ रही हैं। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
सीएम धामी ने जताया गहरा दुख
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनपद रुद्रप्रयाग में एक टेंपो ट्रैवलर के नदी में गिरने का समाचार अत्यंत दुःखद है। एसडीआरएफ सहित अन्य बचाव दलों द्वारा युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है। इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन से संपर्क में हूं। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।
टेंपो-ट्रेबलर दुर्घटना में घायल
1- दीपिका सोनी, निवासी सिरोही मीना वास, राजस्थान उम्र 42 वर्ष।
2- हेमलता सोनी, निवासी प्रताप चौक, गोगुण्डा गोगुण्डा, राजस्थान, उम्र 45 वर्ष।
3- ईश्वर सोनी, निवासी ई 202 पर्वत सिलिकॉन पैलेस, नियर अर्चना स्कूल, गुजरात उम्र 46 वर्ष।
4- अमिता सोनी, निवासी 701 702 बिल्डिंग नं. 3 मीरा रोड, महाराष्ट्र, उम्र 49 वर्ष।
5- सोनी भावना ईश्वर, निवासी ई 202 पर्वत सिलिकॉन पैलेस, नियर अर्चना स्कूल, गुजरात, उम्र 43 वर्ष।
6- भव्य सोनी, निवासी ई 202 सिलिकॉन पैलेस, बाम्बे मार्केट, नियर अर्चना स्कूल, गुजरात, उम्र 07 वर्ष।
7- पार्थ सोनी, निवासी वार्ड नं. 11, राजगढ़, वीर सावरकर मार्ग ग्राम राजगढ़ मध्य प्रदेश, उम्र 10 वर्ष।
8- सुमित कुमार(चालक), पुत्र नरेश कुमार, निवासी बैरागी कैम्प, हरिद्वार, उम्र 23 वर्ष।







