गंगोत्री से उत्तरकाशी लौट रही तीर्थयात्रियों की बस खाई में गिरी, तीन की मौत, 26 घायल

उत्तरकाशी।उत्तराखंड के गंगोत्री में बड़े हादसे की खबर सामने आई है। गंगोत्री से दर्शन करके लौट रहे तीर्थयात्रियों से भरी बस अचानक खाई में जा गिरी। बस में 29 यात्री मौजूद थे, जिनमें से 3 महिलाओं की मौत हो गई है। जबकि 26 लोग घायल हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को बस 29 यात्रियों को लेकर गंगोत्री गई थी। वहीं शाम करीब 4 बजे बस गंंगोत्री से उत्तरकाशी के लिए वापस लौटी थी। मगर रात को नौ बजे गंगनानी से लगभग 50 मीटर की दूरी पर बस अचानक से अनियंत्रित होकर खाई में गिर कर जाकर एक पेड़ पर अटक गई। जिससे कई यात्रियों की जान बच गई। हालांकि उसी खाई में नीचे भागीरथी नदी बह रही थी। ऐसे में अगर बस नदी में गिरती तो सभी की जान जा सकती थी। वहीं हादसे की सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, वन, फायर, आपदा प्रबंधन क्यूआरटी व राजस्व विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीमों ने कड़ी मशक्कत कर यात्रियों को निकाला। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
एसपी अर्पण यदुवंशी ने बताया कि दीपा (55) निवासी हल्दूचौड़, हल्द्वानी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दो अन्य महिलाओं ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि चालक विजय कुमार के अलावा लीलाधर पांडे, रमेश चंद्र तिवारी, उनकी पत्नी गीता और दीपा पांगती (सभी निवासी हल्द्वानी) को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। बस में सवार सभी यात्री दिल्ली, महाराष्ट्र और हल्द्वानी के हैं। वहीं डीएम मेहरबान सिंह बिष्ट ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।