उत्तराखंड के इन जिलों में बारिश की संभावना, हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी

देहरादून।भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के मौसम में दिल्ली-एनसीआर ही नहीं, उत्तर भारत के लोग भी पहाड़ों का रुख करते है। लेकिन, इस बार पहाड़ भी ‘नौतपा’ शुरू होने से पहले ही भट्टी की तरह तप रहे हैं। देवभूमि उत्तराखंड में मौसम के दो बेहद अलग और चौंकाने वाले रंग देखने को मिल रहे हैं। उत्तराखंड में मौसम आज करवट बदल सकता है। मौसम विभाग की यदि भविष्यवाणी सच साबित होती है तो लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलेगी। साथ ही कई क्षेत्रों में उष्ण लहर को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। साथ ही लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।
हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी: गौर हो कि उत्तराखंड मौसम विभाग ने आज राज्य के उत्तरकाशी, चमोली एवं पिथौरागढ़ जनपदों मे कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश हो सकती है। जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, उधम सिंह नगर और देहरादून जिले से सटे स्थानों पर व उत्तरकाशी जनपद के सीमावर्ती क्षेत्रों में कहीं-कहीं उष्ण लहर (Heat Wave) का अंदेशा जताया गया है। जिसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।
वहीं बात राजधानी देहरादून की करें तो यहां आसमान मुख्यत: साफ रहेगा. कुछ स्थानों पर उष्ण लहर की संभावना है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमशः 40°C तथा 23°C के लगभग रहने की संभावना है।
स्वास्थ्य विभाग ने भी कसी कमर: उत्तराखंड में भी हीट वेव का भीषण प्रकोप देखने को मिल सकता है। अलर्ट के बाद स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) की ओर से जारी एडवाइजरी के तहत सभी जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को हीट वेव से सम्बंधित बीमारियों (HRI) की रोकथाम और प्रभावी प्रबंधन के लिए निर्देशित किया गया है। भारतीय मौसम विभाग ने इस बार सामान्य से अधिक तापमान का पूर्वानुमान जताया है।








