उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, पासपोर्ट बनवाने जा रहे दो भाइयों की मौत

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र स्थित लक्सर हरिद्वार मार्ग पर आज सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक डंपर के नीचे आने से दो युवकों की मौत हो गई। मृतक युवकों के नाम साकिब और वासिक हैं।
पुलिस के मुताबिक दोनों भाई गुरुवार सुबह बाइक से पासपोर्ट के काम से घर से निकले थे। जैसे ही दोनों भाई जियापोता गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक बाइक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही दोनों भाई बीच सड़क पर गिर पड़े। तभी पीछे से आ रहा डंपर सड़क पर पड़े भाइयों के ऊपर चढ़ गया। डंपर चढ़ते ही दोनों भाइयों की कुचलकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसा होते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर पड़े शवों को कब्जे में लिया गया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं हादसा होते ही डंपर चालक मौके से फरार हो गया। दोनों भाइयों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। फिलहाल पुलिस गहनता से मामले की जांच कर रही है।








