देहरादून: दो महीने में 97 बच्चे लापता, जानें कैसे गुमराह हो रहे नाबालिग

देहरादून। राजधानी दून में पिछले दो माह में पुलिस के समक्ष 97 बच्चों के गुमशुदा होने के मामले सामने आए। इनमें से 87 बच्चों को पुलिस ने दिल्ली, मुंबई, पंजाब, हरियाणा व राजस्थान सहित अन्य राज्यों से बरामद किया। ज्यादातर बच्चे परिवार से नाराजगी या घूमने के शौक में भागे थे।
बता दें कि सोशल मीडिया का इन्फ्लूएंस और वर्चुअल दुनिया के बहकावे में आकर नाबालिग घर से बिना बताए निकल रहे हैं। इनमें 62 नाबालिगों का अपने परिजनों के डांटने या बात न मानने पर नाराज होकर घर से जाना पाया गया है। जबकि, 24 मामलो में नाबालिगों के परिजनों को बिना बताए घूमने या सोशल मीडिया के इन्फ्लूएंस में आकर जाने की जानकारी मिली है। वहीं, 11 मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजा है।
दरअसल, पिछले 2 महीने के दौरान नाबालिग बच्चों की गुमशुदगी के 97 मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 87 बच्चों को सकुशल बरामद किया है। जिनमें करीब 62 बच्चों का परिजनों से नाराज होकर घर से चले जाना, 24 बच्चों का परिजनों को बिना बताए घूमने या अन्य कारणों से जाना और 11 नाबालिगों को किसी अन्य व्यक्ति की ओर से बहला फुसलाकर अपने साथ ले जाना कारण सामने आए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि नाबालिग बच्चों की गुमशुदगी के प्रकरणों में दून पुलिस पूरी संजीदगी के साथ काम करते हुए बच्चों की बरामदगी के हर संभव प्रयास कर रही है। बच्चों की गुमशुदगी की किसी भी सूचना पर तत्काल अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की जाती है। पिछले दो माह के दौरान नाबालिग बच्चों की गुमशुदगी के 97 मामले सामने आए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 87 बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया।
उन्होंने बताया कि स्वजन से नाराज होकर व अन्य कारणों से घर से जाने वाले नाबालिग बच्चों के साथ-साथ उनके स्वजन की काउंसलिंग कर अभिभावकों को बच्चों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने के लिए समझाया जा रहा है। बच्चों से संबंधित 10 अन्य मामलों में पुलिस तलाश कर रही है। इसमें से कुछ बच्चों से इंटरनेट मीडिया के माध्यम से भी पुलिस संपर्क कर रही है। इसमें पटेलनगर क्षेत्र से लापता नाबालिग लड़की के लुधियाना में कार्य करने की जानकारी मिली है। किशोरी से वीडियो काल के माध्यम से संपर्क किया गया है, जिसने जल्द ही देहरादून वापस लौटने की बात बताई है।
इसके अलावा प्रेमनगर से लापता नाबालिग लड़की के मामले में पता चला है कि स्वजन ने फोन रिचार्ज नहीं किया तो वह नाराज हो गई। इसके बाद वह दोस्तों से काम की तलाश में बाहर जाने की बात कहकर चली गई।








