रहिए सतर्क, उत्तराखंड के इन जिलों में झमाझम बारिश के आसार

देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में आज भारी बारिश की संभावना है। लगातार हो रही रुक-रुक कर बरसात के बीच राज्य का जनजीवन अस्त व्यस्त है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के देहरादून, रुद्रप्रयाग, टिहरी, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर जनपदों के अधिकांश स्थानों व शेष जनपदों के कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अंदेशा जताया है। वहीं भारी बारिश को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश की घोषणा की है।
देहरादून मौसम विभाग ने राज्य के देहरादून, रुद्रप्रयाग, नैनीताल एवं बागेश्वर जनपदों में कही-कहीं गरज और चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जताया है। जबकि राज्य के पर्वतीय जिलों में गरज और आकाशीय बिजली चमकने के साथ तेज दौर की बारिश हो सकती है। जिसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं राजधानी देहरादून में आज आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 30°C के लगभग रहने के आसार हैं।
प्रदेश में बारिश के बाद मलबा आने से 87 सड़के बंद हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक बंद सड़कों को खोलने का प्रयास किया जा रहा है। परिचालन केंद्र के मुताबिक चमोली जिले में 17, बागेश्वर में 9, अल्मोड़ा में एक, चंपावत में तीन, देहरादून में पांच, नैनीताल में सात, पौड़ी में छह, पिथौराढ़ में 15, रुद्रप्रयाग में चार और टिहरी में आठ सड़कें बंद हैं। जबकि उत्तरकाशी जिले में एक राजमार्ग सहित 12 सड़के बंद हैं।








