उत्तराखंड: क्रिकेट बैट से पीट-पीटकर पिता की हत्या, फिर कर दिया चोरी से अंतिम संस्कार

0
1

हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां झगड़े के दौरान बेटों ने ही बैट से पीटकर अपने पिता की हत्या कर दी। रात में ही चोरी से वाहन में शव को बिजनौर में ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, रावली महदूद निवासी सुनील धनगर ने सोमवार को सिडकुल थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि उसके मकान में बिजनौर निवासी अशोक का परिवार एक महीने से किराये पर रह रहा था। अशोक राजा बिस्किट चौक के पास खाने का ढाबा चलाता था।

मकान मालिक ने दर्ज कराया मुकदमा

बताया कि बाप-बेटों के बीच कई बार झगड़े होते रहते थे। रविवार की रात भी उनके बीच मारपीट हुई। कुछ देर बाद उसने देखा कि अशोक के बेटे सचिन और शिवम उसे सहारा देकर ऊपर की मंजिल से नीचे ला रहे थे। अशोक के सिर पर पट्टी बंधी थी और खून बह रहा था।

जांच में जुटी सिडकुल थाने की पुलिस

सुनील ने बताया कि उसने अशोक की पत्नी से तुरंत उसे अस्पताल ले जाने को कहा। परिवार उसे अस्पताल ले गया, लेकिन रातभर उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका। सुबह जानकारी लेने पर पता चला कि अस्पताल में अशोक की मौत हो चुकी है और स्वजनों ने उसके शव को बिजनौर ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया है। मकान मालिक का आरोप है कि अशोक के बेटों ने क्रिकेट बैट से हमला कर उसकी हत्या की और फिर पुलिस को बिना सूचना दिए अंतिम संस्कार कर दिया, ताकि मामला दबाया जा सके।

इंस्पेक्टर मनोहर भंडारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अशोक बिजनौर में कहां का निवासी था, इसका पता लगाया जा रहा है। जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Enews24x7 Team

Comments are closed.