उत्तराखंड: इन जिलों में आज बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने जारी किया 6 दिन का अलर्ट

देहरादून।उत्तराखंड में बीते एक सप्ताह से मौसम शुष्क बना हुआ है और पहाड़ से मैदान चटख धूप खिलने से पारा कुलांचे भर रहा है। मंगलवार को दून में सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज राज्य के 11 जिलों में बारिश होगी। इन जिलों में 6 गढ़वाल मंडल के हैं तो 5 कुमाऊं मंडल के हैं। इसके साथ ही मौसम विभाग ने 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट भी जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड के गढ़वाल मंडल के उत्तरकाशी और चमोली जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। देहरादून, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग और पौड़ी गढ़वाल में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है। उधर कुमाऊं मंडल के बागेश्वर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चंपावत और नैनीताल जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। उधम सिंह नगर जिले में कहीं-कहीं मध्यम बारिश होगी।
इसके साथ ही मौसम विभाग ने 12 से लेकर 16 जून तक के मौसम का अनुमान भी जारी कर दिया है। 12 जून को जमकर बारिश होगी। 13 जून से बारिश पूरे प्रदेश को अपनी चपेट में ले लेगी। इस दौरान सभी 13 जिलों में बारिश होगी।








