
मेरठ। जिले के परतापुर इलाके में एक किशोरी की सिर कटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। एक दिन पहले गुरुवार की सुबह सिर कटी लाश रजबहे में ग्रामीणों ने देखी तो पुलिस को सूचना दी। सलवार की जेब में मिली एक पर्ची ने मृतका की पहचान करा दी। पता चला कि लाश आस्था उर्फ तनिष्का (17) की है, जो 12वीं की छात्रा थी।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि दौराला के दादरी गांव निवासी आस्था उर्फ तनिष्का (17) बुधवार को करीब दोपहर एक बजे अपने दोस्त से फोन पर बात कर रही थी। मां राकेश देवी ने बेटी आस्था से फोन छीन लिया। इस बात को लेकर मां-बेटी में हाथापाई हो गई। इसके बाद राकेश देवी ने आस्था की गला दबाकर हत्या कर दी।
पर्ची ने कराई शिनाख्त:- बहादुरपुर से पूठ की ओर जाने वाले रजबहे में ग्रामीणों ने एक शव देखा, जिसका सिर गायब था। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंची। पुलिस ने रजबहे और आसपास करीब एक किमी। तक छानबीन की लेकिन सिर नहीं मिला। इसके बाद शव मोर्चरी भेज दिया। यहां उसकी सलवार की जेब से पर्ची मिली। जिस पर एक मोबाइल नंबर लिखा हुआ था। पुलिस ने उस मोबाइल नंबर पर कॉल तो था तो वह नंगली गांव के युवक का निकला।
प्रेम संबंध से नाखुश थे घरवाले:- जब पुलिस ने युवक से पूछताछ की तो कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आईं। उसने बताया कि मृत छात्रा का नाम आस्था उर्फ तनिष्का (17) है। वह दौराला थाना क्षेत्र के दादरी गांव की रहने वाली थी और 12 में पढ़ती थी। छात्रा का उसके साथ प्रेम प्रसंग था। यह भी सामने आया कि आस्था के परिवारवाले इस प्रेम संबंध से नाखुश थे।
परिजनों से पूछताछ में हत्या का खुलासा:-युवक से पूछताछ के बाद पुलिस छात्रा के घर घर पहुंची। यहां परिजनों ने पुलिस को बताया कि आस्था बुधवार से लापता है। पुलिस ने शक के आधार पर छात्रा की मां राकेश देवी और उसके दो नाबालिग भाइयों (14 और 11 साल) को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में मां ने ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब एक बजे बेटी मोबाइल पर अपने बॉयफ्रेंड से बात कर रही थी। उसने फोन छीन लिया। मां-बेटी में हाथापाई भी हुई। फिर उसने बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी।
कटे हुए सिर की तलाश जारी:- आस्था की मां, मामा और ममेरे भाई से पुलिस की पूछताछ के बाद एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने यह खुलासा किया। हिरासत में ममेरे भाई मंजीत उर्फ मोनू की निशानदेही पर आस्था के कटे हुए सिर की तलाश बृहस्पतिवार देर रात तक जारी रही। एसपी सिटी, एएसपी ब्रह्मपुरी, परतापुर थाना पुलिस की टीमें कई जगहों पर जुटी रही। पुलिस की एक टीम मोनू को साथ लेकर जानी गंग नहर में पहुंची।
मौसेरे भाई की तलाश:- छात्रा के मौसेरे भाई गौरव को भी पुलिस ढूंढ रही है। पुलिस ने एक कार भी बरामद की है। सीसीटीवी कैमरों में कार की आवाजाही देखी जा रही है। पुलिस ने बताया कि छात्रा के पिता रमेश के मोबाइल फोन की सीडीआर निकाली है। ताकि पता चल सके कि उनकी लोकेशन कहां थी और किसने उनसे बात की है। वहीं, छात्रा के मामा के घर महरौली जाकर भी सिर की तलाश की गई।
ऐसे हुई थी दोस्ती:- पुलिस के मुताबिक, तीन बच्चों में छात्रा सबसे बड़ी थी। छात्रा गांव सकौती के सूरजमल स्कूल में पढ़ रही थी। 1 साल पहले उसकी दोस्ती फेसबुक पर नंगली गांव निवासी युवक से हो गई। वह बीए की पढ़ाई कर रहा है। इसके बाद दोनों का मिलना शुरू हो गया। 28 मई को विकास छात्रा से मिलने उसके घर पहुंच गया। परिवार के लोगों ने दोनों को देख लिया। परिवार के लोगों ने लड़की को धमकाया कि अब इससे नहीं मिलना, मगर छात्रा नहीं मानी। इससे परिजन गुस्से में थे।







