देहरादून: ऑनलाइन गेमिंग एप पर दोस्ती युवती को पड़ी भारी, युवक ने बना ली अश्लील वीडियो, फिर…

देहरादून। एक युवती को ऑनलाइन गेमिंग पर अज्ञात युवक से दोस्ती करना महंगा पड़ गया। आरोपित ने युवती की इंस्टाग्राम आइडी का नंबर लेकर कुछ अश्लील वीडियो बनाई और इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दी। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस में दी तहरीर में देहरादून की युवती ने बताया कि जनवरी 2025 में उसकी मयंक नामक के युवक से ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म पर मुलाकात हुई थी। आरोपित ने उसका विश्वास हासिल करने के बाद उसका मोबाइल नंबर, स्वजनों के मोबाइल नंबर, यूपीआइ नंबर हासिल कर लिया। वीडियो कॉलिंग के दौरान आरोपित ने उनकी कुछ अश्लील वीडियो भी बना ली और उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
आरोपित ने यह वीडियो कई युवकों को भेजे हैं, जोकि उनके स्वजनों व उसे परेशान कर रहे हैं। डालनवाला कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज मेनवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।








