उत्तराखंड: पेड़ से टकराई बाइक, हादसे में बैंक कर्मी की मौत, परिवार में मचा कोहराम

0
3

उधमसिंह नगर।उत्तराखंड के उधमसिंह नगर में स्थित पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। जिसमें बाइक सवार की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

मिलीं जानकारी के अनुसार रविवार देर रात वार्ड नंबर-सात नगला निवासी सुधीर कुशवाहा (30) पुत्र मैनेजर कुशवाहा इंदिरा कॉलोनी में अपने मित्रों से मिलने आया था। रात लगभग 10:15 बजे वह अपने घर के लिए निकला था। इसी दौरान मधुमक्खी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। जिसमें सुधीर बुरी तरह घायल हो गया। वहां से गुजर रहे सुरक्षाकर्मियों ने उसे उठाकर विश्वविद्यालय चिकित्सालय पहुंचाया। इसी दौरान उसके फोन पर किसी मित्र की कॉल आई जिसमें सुरक्षाकर्मियों ने उसके घायल होने की बात बताई। कुछ ही देर में उसके मित्र और परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

वहीं सुधीर की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रुद्रपुर रेफर कर दिया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Enews24x7 Team

Comments are closed.