उत्तराखंड भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष की गोली मार कर हत्या
देहरादून।राजधानी देहरादून में लगातार क्राइम का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। सोमवार देर रात को देहरादून में भाजपा पूर्व मंडल अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिसके बाद पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
मिलीं जानकारी के अनुसार थाना प्रेमनगर क्षेत्र के अंतर्गत पीपल चौक माण्डुवाला में बाइक सवार दो युवकों ने भाजपा पूर्व मंडल अध्यक्ष रोहित नेगी (22 साल) पर फायर झोंक कर मौके से फरार हो गए। घायल रोहित के दोस्तों द्वारा रोहित को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने रोहित नेगी को मृत घोषित कर दिया। मृतक के दोस्त की तहरीर के आधार आरोपी के खिलाफ थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बता दें कि अभिषेक बर्तवाल निवासी तिल्वाड़ी थाना सेलाकुई ने शिकायत दर्ज कराई है कि 2 मई की देर रात जब वह अपने दोस्तों के साथ गाड़ी में पीपल चौक माण्डुवाला में थे तो मोटरसाइकिल में आए दो युवकों में से एक ने हमारी गाड़ी पर सामने की ओर से फायर झोंक दिया। फायर से गोली रोहित की गर्दन पर लगी। जिसके बाद घायल रोहित नेगी को अपने दोस्तों के साथ ग्राफिक ऐरा अस्पताल झाझरा लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया है कि प्रारंभिक विवेचना में मृतक के दोस्त की महिला मित्र के साथ आरोपी की जान पहचान थी। रात में जब मृतक रोहित नेगी अपने दोस्त और उसकी महिला मित्र समेत अन्य दोस्त नयागांव दोस्त के घर पर थे। महिला मित्र को आरोपी का फोन आने पर आरोपी की महिला और मृतक व उसके दोस्तों से बहस हो गई। बहस होने के कारण आरोपी ने आवेश में आकर घटना को अंजाम दिया, ऐसी जानकारी मिल रही है। थाना प्रेमनगर पुलिस घटना के सभी संभावित पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर कार्रवाई जारी है।








