यमुनोत्री मंदिर समिति का बड़ा फैसला, गैर-सनातनियों पर सरकार लेगी निर्णय

0
1

उत्तरकाशी।उत्तराखंड चारधाम में गैर सनातनियों के प्रवेश बैन का मुद्दा इन दिनों सुर्खियों में है। इसी बीच बदरीनाथ-केदारनाथ और गंगोत्री में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक और पंचगव्य लेकर प्रवेश आदि निर्णय के बीच यमुनोत्री मंदिर समिति ने भी अपना मत स्पष्ट किया है। समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जो श्रद्धालु श्रद्धा से आएगा। उसका अतिथि देवो भव की परम्परा के साथ स्वागत किया जाएगा।

पुरुषोत्तम उनियाल ने कहा कि यमुनोत्री धाम की यात्रा अनादिकाल से चली आ रही है। यहां जो भी आयेगा मंदिर समिति उसका स्वागत करेगी। वैसे धाम में सिर्फ सनातन धर्मावलंबी ही आते हैं। यदि गैर सनातनी यहां आते हैं, उन्हें रोकना सरकार की जिम्मेदारी है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि तीन धामों केदारनाथ, बदरीनाथ और गंगोत्री धाम में गैर सनातनियों के प्रवेश को लेकर जो निर्णय लिया गया है, उसके बाद से ही उन्हें पत्रकारों के लगातार फोन आ रहे थे, जिसको लेकर श्री यमुनोत्री मंदिर समिति की बैठक हुई।

प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल के अनुसार इस मुद्दे पर समिति का यही वक्तव्य है कि यहां जो भी धाम में आते हैं, वह सनातन धर्मावलंबी ही होते हैं। उनका मंदिर समिति स्वागत करती है और आगे भी स्वागत करती रहेगी, साथ ही उन्होंने कहा कि यदि कोई पर्यटन के उद्देश्य से आता है तो फिर यह सरकार की जिम्मेदारी है कि कौन कहां और किस उद्देश्य से जा रहा है। यदि सरकार किसी को कहीं भेजती है तो फिर पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

प्रवक्ता उनियाल ने कहा कि चारधाम की यात्रा पर आने वाले तीर्थ यात्रियों का पंजीकरण भी सरकार ही करवा रही है। ऐसे में कोई गैर सनातनी धाम में प्रवेश न करें, यह देखना भी सरकार का ही काम होना चाहिए। बता दें कि सबसे पहले 19 अप्रैल को यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलेंगे। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ और आखिर में 23 अप्रैल को बदरीनाथ के कपाट खोले जाएंगे।

Enews24x7 Team

Comments are closed.