उत्तराखंड के इन जिलों में बारिश के आसार, पहाड़ों में ओलावृष्टि की चेतावनी

देहरादून।उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट ले ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से जारी रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी ने तापमान में भारी गिरावट दर्ज की है, जिससे कई इलाकों में पारा सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है।
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे उच्च हिमालयी जनपदों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और ओलावृष्टि का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, 7 मई बुधवार को भी देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। शहर का अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम तापमान 18°C के आसपास रहने की संभावना है। शाम के समय हल्की गर्जना के साथ बौछारें पड़ने की भी उम्मीद है, जिससे शहर का मौसम खुशनुमा बना रहेगा।
चारधाम यात्रा पर आए तीर्थयात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि केदारनाथ और बदरीनाथ की ऊंची चोटियों पर हिमपात जारी रहने से पैदल मार्गों पर फिसलन और ठंड बढ़ गई है। मैदानी जिलों जैसे हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है।







