उत्तराखंड में दर्दनाक सड़क हादसा, तीन लोगों की मौके पर ही मौत

0
11

अल्मोड़ा।उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। यहां के भिकियासैंण के पास भाटिया क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक वाहन गहरी खाई में गिर गया। वाहन में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह करीब चार बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि भाटिया-भिकियासैंण मार्ग के पास वाहन संख्या यूके 04एफ6683 की नंबर प्लेट सड़क पर पड़ी हुई है। आसपास वाहन नहीं मिलने पर उसके खाई में गिरने की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही थाना भतरोंजखान पुलिस, 108 सेवा, आपदा कंट्रोल, एसडीआरएफ, राजस्व विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त रेस्क्यू अभियान के दौरान वाहन सड़क से करीब 150 मीटर नीचे खाई में गिरा मिला।

रेस्क्यू के दौरान कार सवार तीनों लोगों की मौत की पुष्टि हुई। मृतकों की पहचान भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सनेटी तहसील रानीखेत और कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम निवासी ग्राम दौड़ाखाल तहसील रानीखेत, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है। तीसरे मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि तीनों व्यक्ति जागरी का कार्य करते थे और मंगलवार रात ग्राम चमोली पुसैला में जागर कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। पुलिस ने तीनों शवों को रेस्क्यू कर मोर्चरी रानीखेत भेज दिया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

Enews24x7 Team

Comments are closed.