ऑपरेशन क्रैकडाउन: देहरादून में 4000 संदिग्धों पर कार्रवाई, 43 हजार बाहरियों का हुआ सत्यापन

देहरादून। राजधानी दून में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और बाहरी राज्यों से आकर रह रहे संदिग्ध व आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर शिकंजा कसने के लिए दून पुलिस द्वारा चलाया गया “ऑपरेशन क्रैकडाउन” में हजारों लोगों का सत्यापन किया गया।
ऑपरेशन क्रैकडाउन में 43 हजार बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन:ऑपेरशन क्रैकडाउन के तहत देहरादून पुलिस ने पिछले डेढ़ महीने में 04 हजार से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ दून पुलिस ने कार्रवाई की है। रेजिडेंशियल अपार्टमेंट और आवासीय कॉलोनियों में स्थित 30 हजार से अधिक मकानों में पुलिस टीमों ने सत्यापन की कार्रवाई की। जनपद के नगर और देहात क्षेत्रों में 43 हजार से अधिक बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया।
ऑपरेशन क्रैकडाउन में कार्रवाई हुई:सत्यापन के दौरान संदिग्ध पाए गए 4,466 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। 73 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही किराएदारों, घरेलू नौकरों और अपने प्रतिष्ठानों में कार्य करने वाले कर्मियों के सत्यापन न कराने वाले ढाई हजार से अधिक मकान मालिकों और प्रतिष्ठान स्वामियों के 83 पुलिस एक्ट में चालान कर ढाई करोड़ से अधिक का जुर्माना किया गया।
इन जगहों पर चला ऑपरेशन क्रैकडाउन: बाहरी राज्यों से आकर उत्तराखंड में निवास कर रहे आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़े और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश कर उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस मुख्यालय के आदेश अनुसार सम्पूर्ण राज्य में आपरेशन क्रैकडाउन चलाया गया। अभियान के दौरान संदिग्धों की तलाश कर उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मलिन बस्तियों और झुग्गी झोपड़ियों के साथ-साथ रेजिडेंशियल अपार्टमेंट, गेटेड आवासीय कॉलोनियों में भी सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे।
सत्यापन नहीं कराने पर ढाई करोड़ का जुर्माना:सत्यापन के दौरान संदिग्ध पाए गए 4,466 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की। इसमें अपने किरायेदारों, घरेलू नौकरों और अपने प्रतिष्ठान में कार्य करने वाले कर्मियों का सत्यापन नहीं करवाने वाले 2,596 व्यक्तियों पर 83 पुलिस एक्ट में चालान करते हुए 02 करोड़ 59 लाख 60 हजार रुपए का जुर्माना किया गया।
63 संदिग्ध गिरफ्तार हुए:सत्यापन अभियान के दौरान संदिग्ध मिले 1,805 किरायेदारों/रेहड़ी-ठेली वालों और अन्य व्यक्तियों के 81 पुलिस एक्ट में चालान किए गए। 63 संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार करते हुए उनके खिलाफ बीएनएसएस और पुलिस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।







