पौड़ी में गुलदार का हमला, घास काटने गई महिला को बनाया शिकार

पौड़ी गढ़वाल। जिले के पौड़ी ब्लॉक अंतर्गत बमठी गांव में आज गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहाँ 75 वर्षीय सीता देवी सुबह करीब खेतों में गई थी। इसी बीच घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उन्हें घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया।
आसपास मौजूद लोगों को जब तक कुछ समझ आता, तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। इस घटना के बाद क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है। लोग अपने घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।
वहीं वन विभाग की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही विभागीय टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। प्रभावित क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं, साथ ही गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरे भी लगाए जा रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द उसे काबू में किया जा सके।
सामाजिक कार्यकर्ता सुमन ने इस घटना को लेकर सरकार और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की सक्रियता बनी हुई है। पहले भी कई बार वन विभाग को इसकी सूचना दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। विभाग की लापरवाही के चलते एक निर्दोष महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी है।








