
देहरादून: राजधानी क्षेत्र के मच्छी बाजार में युवती की सरेआम हत्या करने वाले आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेशी पर ले जाया गया, इस दौरान न्यायालय परिसर में मौजूद लोगों ने उसकी पिटाई कर दी, मारपीट के दौरान न्यायालय परिसर में जमकर हंगामा हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी, मौके पर मौजूद पुलिस बल ने किसी तरह आक्रोशित लोगों को शांत कराया, इसके बाद आरोपी को सुरक्षित न्यायालय में पेश किया, कोर्ट ने हत्या के आरोपी को जेल भेजने का आदेश दिया, जिसके बाद पुलिस की निगरानी में उसे जेल भेजा गया, न्यायालय परिसर में आरोपी के साथ हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर अब वायरल हो रहा है।
गौरतलब है कि सोमवार को देहरादून के कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत मच्छी बाजार में करीब 10 बजे 23 साल की गुंजन अपनी स्कूटी खड़ी करने के लिए रिश्तेदार के घर पहुंची थी, हत्या आरोपी आकाश को इसकी भनक लग गई थी, इस दौरान पहले उसने गुंजन से बहस की, जब गुंजन ने उससे बात करने से मना किया तो आरोप है कि आकाश ने चापड़ से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया जिसके कारण उसके गले पर गहरा घाव हो गया, घाव इतना गहरा था कि तेजी से खून बहने लगा और गुंजन जमीन पर गिर पड़ी, शोर मचने पर आरोपी मौके से फरार हो गया, आसपास के लोगों ने गंभीर रूप से घायल गुंजन को दून अस्पताल पहुंचाया, जहां उसने दम तोड़ दिया, मौके पर पहुंची पुलिस ने मच्छी बाजार के पास से ही आरोपी आकाश को गिरफ्तार कर लिया था।








