देहरादून: BJP विधायक के समर्थकों ने प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के साथ की मारपीट

देहरादून। राजधानी देहरादून स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ पर निदेशक के साथ मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे। इस पूरे घटनाक्रम के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें निदेशक के कक्ष में तीखी बहस, धक्का-मुक्की और कुर्सियां फेंके जाने जैसी तस्वीरें दिखाई दे रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामला और भी गरमा गया है।
विधायक के समर्थकों ने की प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के साथ मारपीट
घटना शनिवार दोपहर की है। आरोप है कि किसी प्राथमिक विद्यालय के नाम परिवर्तन को लेकर रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ अपने समर्थकों के साथ में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के दफ्तर पहुंचे थे। इस दौरान विधायक के समर्थक अधिकारी पर नाम बदलने को लेकर दबाव बनाने लगे।
प्रशासनिक हलकों में मचा हड़कंप
प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल ने विधायक को नियम-कानून का हवाला दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। देखते दी देखते विधाताक के समर्थक हाथापाई पर उतर आए। मारपीट में घायल निदेशक को कोरोनेशन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले को लेकर शिक्षा विभाग और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा हुआ है।
कर्मचारियों में दहशत का माहौल
प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ हुई मारपीट की घटना से कार्यालय में हड़कंप मच गया है। कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। अधिकारी के दफ्तर में घुसकर की गई इस मारपीट के वारदात के बाद से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
दूसरी ओर विधायक पक्ष से इस मामले में अभी तक विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि समर्थकों का कहना है कि विधायक केवल जनभावनाओं के अनुरूप स्कूल का नाम बदलवाने की मांग लेकर गए थे और उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप एकतरफा हैं। फिलहाल यह मामला राजनीतिक रंग भी लेता जा रहा है। विपक्षी दलों ने भी इस घटना को लेकर सरकार पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। वहीं प्रशासनिक स्तर पर पूरे प्रकरण की जांच की बात कही जा रही है।








