उत्तराखंड: शादी से लौट रहे युवक को बाघ ने मार डाला, एक महीने में तीसरी मौत

0
2

हल्द्वानी।उत्तराखंड में वन्यजीवों के हमलों के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ताजा मामला नैनीताल से सामने आया है। जहां फतेहपुर रेंज के अंतर्गत भदूनी गांव में बाघ के हमले में युवक की मौत हो गई। युवक भदूनी गांव में आयोजित शादी समारोह से लौट रहा था, तभी बाघ ने उस पर हमला कर दिया। यह नैनीताल जिले में दो दिन के अंदर वन्यजीव के हमले में दूसरी मौत है, जबकि महीने भर में यह तीसरी घटना है।

जानकारी के मुताबिक, कमल सिंह (30) नामक युवक गुरुवार को भदूनी गांव से शादी के बाद लौट रहे थे। तभी खेत के पास बाघ ने उन्हें मार दिया। शुक्रवार सुबह युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। लगातार वन्यजीवों के हमले में हो रही मौतों से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।

कांग्रेस प्रवक्ता तिवारी ने कहा कि लगातार तीसरी घटना ने यह साबित कर दिया है कि वन विभाग पूरी तरह विफल हो चुका है और सरकार हालात संभालने में असफल सिद्ध हुई है। क्षेत्र में दहशत का माहौल है, लेकिन जिम्मेदार विभाग केवल कागजी कार्यवाही तक सीमित हैं।

पूर्व में भी लगातार चेतावनी दी गई थी कि बाघ सक्रिय है, इसके बावजूद न तो उसे पकड़ने के ठोस प्रयास हुए और न ही मारने के आदेश जारी किए गए। यह सीधा-सीधा प्रशासनिक लापरवाही का मामला है।

2026 में जिले में बाघ के हमले में मौत

  • दो जनवरी 2026 को कार्बेट टाइगर रिजर्व के ढेला रेंज में जंगल में लकड़ी लेने गई सुखिया देवी की मौत
  • चार जनवरी 2026 को रामनगर डिवीजन की कोटा रेंज में अभिमन्यु की बाघिन के हमले में मौत
  • 18 जनवरी 2026 को रामनगर डिवीजन की कोसी रेंज में अज्ञात को बाघ ने मार डाला
  • 12 फरवरी 2026 को रामनगर डिवीजन की फतेहपुर रेंज में गंगा देवी को बाघ ने बनाया शिकार
  • 25 फरवरी 2026 को रामनगर डिवीजन की फतेहपुर रेंज में कमला फर्त्याल को बाघ ने मारा
  • तीन अप्रैल 2026 को नैनीताल डिवीजन की मनोरा रेंज में बाघ ने हंसी देवी को मौत के घाट उतारा
  • 22 अप्रैल 2026 को नैनीताल डिवीजन की मनोरा रेंज में वन्यजीव ने हेमा देवी का मारा
  • 23 अप्रैल 2026 को रामनगर डिवीजन की फतेहपुर रेंज में वन्यजीव के हमले में कमल सिंह की मौत
Enews24x7 Team

Comments are closed.