उत्तराखंड: 12 वर्षीय बच्चे की संदिग्ध मौत, कमरे में लटका मिला शव

0
1

पिथौरागढ़।उत्तराखंड के सीमांत जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 12 साल के एक बच्चे का शव कमरे में फंदे से लटका मिला है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, 12 वर्षीय क्रिश मेहता एक निजी स्कूल में छठी कक्षा का छात्र था, जिसके माता-पिता बड़ालू गांव में रहते हैं। वह अपनी बुआ के साथ पवन विहार कालोनी, बिण में रह रहा था। शुक्रवार को उसकी बुआ अपनी बेटी के साथ वड्डा किसी काम से गई हुई थी।

क्रिश दोपहर तक अपनी छत पर खेल रहा था। अचानक वह नीचे कमरे में आया। जब उसकी बुआ और उसकी बेटी घर लौटे, तो काफी देर तक क्रिश के बाहर नहीं निकलने पर उन्हें संदेह हुआ। कमरा अंदर से बंद था, दरवाजा तोड़ने के बाद जब देखा तो दोनों भौचक रह गए। क्रिश पंखे के सहारे गले में दुपट्टों पर लटका था। चार-पांच दुपट्टों को आपस में जोड़कर फंदा बनाया गया था।

कमरे के बीच में लगे पंखे तक पहुंचने के लिए टेबल के ऊपर कुर्सी रखी गई थी, जो गिरी हुई थी। सूचना तत्काल पड़ोसियों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है और फारेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।

फारेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। मौके पर किसी तरह का कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। बताया गया है कि बच्चा छत से मोबाइल लेकर घर के अंदर गया था। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। मृतक के पिता महेंद्र सिंह मेहता किसान हैं, जो इस समय दिल्ली गए हुए हैं। उन्हें इसकी सूचना दे दी गई है, जबकि गांव से उसके दादा और मां पहुंच चुकी हैं।

Enews24x7 Team

Comments are closed.