चमोली जिले में भूस्खलन की चेतावनी, इन जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी

0
2

देहरादून। देहरादून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में बादल मंडरा रहे हैं और कहीं-कहीं हल्की बौछारों का दौर भी जारी है। भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं संपर्क मार्ग लगातार बाधित होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के देहरादून, रुद्रप्रयाग, टिहरी और बागेश्वर जिले के कई क्षेत्रों में गरज और चमक के साथ बारिश होने का अंदेशा है। जिसके लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।वहीं राज्य के शेष जनपदों में भी गरज और चमक के साथ तेज बारिश का पूर्वानुमान जताया है, साथ ही येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। उत्तराखंड के चमोली जिले में भूस्खलन की चेतावनी जारी की गई है। यह चेतावनी भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) ने जारी की है, जिसके तहत भूस्खलन की घटनाएं हो सकती है।

दरअसल, चमोली पुलिस की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, भारत सरकार के भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण विभाग (जीएसआई) ने 7 जुलाई के लिए चमोली जिले में भूस्खलन की उच्च संभावना की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। खासकर उत्तरकाशी, टिहरी, बागेश्वर, देहरादून और रुद्रप्रयाग में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

बता दें कि चमोली जनपद में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बदरीनाथ हाईवे उमट्टा में पहाड़ी से मलबा आने के चलते बाधित है तो ज्योतिर्मठ क्षेत्र में 66 केवी की विद्युत लाइन पर फाल्ट आने से क्षेत्र में बिजली सप्लाई रात से ही ठप पड़ी है।

Enews24x7 Team

Comments are closed.