उत्तराखंड: स्कूटी खाई में फेंक दिल्ली लौटा पर्यटक, रात-भर पुलिस को छकाया, जानिए पूरा मामला

0
3

नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसने पुलिस, एसडीआरएफ और फायर विभाग को पूरी रात परेशान कर दिया। दिल्ली से आया एक पर्यटक अपनी स्कूटी खाई में फेंककर खुद गायब हो गया, जिससे पुलिस को यह आशंका हो गई कि उसने आत्महत्या कर ली है।

जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र ने बताया कि स्थानीय ग्रामीण ने पुलिस को सूचना दी कि पंगोट के पास जंगल से एक मोबाइल मिला है, साथ ही खाई में स्कूटी दिखाई दे रही है। इसके अलावा सड़क किनारे बैग और अन्य सामान रखा है। इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पर्यटक के सामान को कब्जे में लिया, साथ ही हादसे का अंदेशा जताते हुए देर रात तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन पर्यटक का कुछ पता नहीं चल सका। बैग से मिले दस्तावेजों के आधार पर युवक की पहचान अंकित धीमान निवासी पीतमपुरा (दिल्ली) के रूप में हुई। इसी दौरान युवक के परिजनों का फोन उसके मोबाइल पर आ गया।

जिसके बाद पुलिस ने घटना की जानकारी युवक के परिजनों को दी। घटना की जानकारी मिलने के कुछ घंटे बाद युवक के माता-पिता और पत्नी दिल्ली से नैनीताल घटनास्थल पहुंच गए। माता-पिता के नैनीताल पहुंचने के बाद युवक ने अपने परिजनों से फोन से संपर्क कर दिल्ली में होने की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। अपर पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र ने बताया युवक आर्किटेक्ट है, जो बीते सोमवार को हल्द्वानी किसी काम से आया था। जिसके बाद घूमने के लिए नैनीताल गया।

घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने फोन के माध्यम से युवक से बातचीत की तो युवक पहले पुलिस को गुमराह करता रहा। जब पुलिस ने सख्त रुख अपनाया तो उसने बताया कि उसका पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। जिसके चलते उसने पूर्व में कई बार आत्महत्या करने का फैसला किया। नैनीताल भी वो आत्महत्या करने के लिए पहुंचा था, लेकिन उसने फैसला बदल दिया और किराए में ली स्कूटी को खाई में धकेल कर वापस दिल्ली लौट गया। ताकि, परिजनों को लगे कि उसने आत्महत्या कर ली है। फिलहाल, नैनीताल कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Enews24x7 Team

Comments are closed.