उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, इन चार जिलों में विशेष सतर्कता की अपील

देहरादून। उत्तराखंड में आज भी भारी बारिश की संभावना है। इसके लिए मौसम विभाग ने चार जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में भी गरज- चमक के साथ तीव्र बारिश होने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और निचले इलाकों में बाढ़ के खतरे को देखते हुए लोगों को सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई है।
मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार आज बुधवार को उत्तराखंड के चार पहाड़ी जिलों जिनमें तीन गढ़वाल मंडल और एक कुमाऊं मंडल में हैं, अधिकांश स्थानों पर बहुत बारिश होगी। इन जिलों में गढ़वाल मंडल के देहरादून, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी हैं। वहीं कुमाऊं मंडल में बागेश्वर जिला है जिसमें खूब बारिश होगी। शेष 9 जिलों में अनेक स्थानों पर गरज चमक के साथ मध्यम बारिश होने का अलर्ट है।
इसके साथ ही मौसम विभाग ने उत्तराखंड के लिए अगले 5 दिनों का अलर्ट भी जारी कर दिया है। इस अलर्ट के अनुसार 7 जुलाई तक बारिश से राहत नहीं मिलने वाली है। 3 जुलाई को देहरादून, टिहरी गढ़वाल और बागेश्वर में ज्यादातर स्थानों पर बारिश का अनुमान है। 4 जुलाई को बागेश्वर के साथ पिथौरागढ़ में मानसून ज्यादा सक्रिय रहेगा। 5 जुलाई को भी इन दो जिलों के लिए विशेष अलर्ट है। 6 जुलाई को राज्य के सभी जिलों में बारिश का अलर्ट है। 7 जुलाई को भी बारिश का यही पैटर्न रहेगा यानी सभी जिलों में मध्यम बारिश होने की संभावना है।








