चारधाम यात्रा हेली सेवा धोखाधड़ी, STF ने मेटा को लिखी ‘चिठ्ठी’, जानिये वजह

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने चारधाम यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर चल रहे ऑनलाइन ठगी रैकेट पर कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने कई फर्जी वेबसाइटों, सोशल मीडिया पेजों और बैंक खातों को ब्लॉक किया है, जो श्रद्धालुओं से धोखाधड़ी कर रहे थे। अब तक इस साल जनवरी से मई तक 136 फर्जी वेबसाइट/URL, 117 मोबाइल नंबर, 61 बैंक खाते, और 35 व्हाट्सएप नंबर ब्लॉक या फ्रीज किए जा चुके हैं। साल 2023 में 64 फर्जी वेबसाइटों को ब्लॉक कराया गया था, साथ ही साल 2024 में 18 फर्जी वेबसाइटों, 45 Facebook pages, 20 bank accounts को चिह्नित कर ब्लॉक किया गया है।
बता दें साइबर अपराधियों ने अब Facebook एड्स/pages से ठगी करने के तरीके निकाले हैं। पहले अपराधी वेबसाइटों के माध्यम से ठगी करते थे, लेकिन एसटीएफ की सख्ती के बाद अब Facebook और Instagram पर फर्जी पेज बनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। ये पेज एडवर्टाइजमेंट बूस्ट के जरिए अधिक से अधिक यूजर्स तक पहुंचते हैं। उन्हें फर्जी बुकिंग लिंक्स पर ले जाते हैं। एसटीएफ की टीम फर्जी वेबसाइट्स, बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और सोशल मीडिया पेजों को ट्रैक कर समय पर कार्रवाई कर रही है।
Google की तरह अब Meta पर डिजिटल नियंत्रण की पहल की जा रही है। इस तरह की धोखाधड़ी को रोकने के लिए कुछ तकनीकी समाधान के कार्यान्वयन के संबंध में मेटा कंपनी को पत्र लिखा गया है, साथ ही Google ने पहले ही केदारनाथ हेली टिकट बुकिंग जैसे कीवर्ड्स पर नियंत्रण लागू कर दी थी। जिससे फर्जी विज्ञापनों की संख्या में कमी आई। अब यही पहल Meta प्लेटफॉर्म्स (Facebook, Instagram) पर लागू करने के लिए पत्राचार तेज किया गया है।
एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि पिछले साल भी टीम ने सर्वाधिक फर्जी वेबसाइटों को ब्लॉक कराया था। उनके प्रयासों से अब साइबर अपराधियों ने वेबसाइट की बजाय फेसबुक पर फर्जी पेज बनाकर एडवर्टाइजमेंट बूस्ट करके लोगों को ठगना शुरू किया है। इससे सावधान रहें।
एसटीएफ की अपील
- केदारनाथ हेली सेवा के लिए केवल IRCTC ही अधिकृत बुकिंग पार्टनर है।
- किसी भी फेसबुक विज्ञापन या फर्जी पेज से हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग करने से बचें।
- यदि आपको किसी संदिग्ध लिंक, वेबसाइट या विज्ञापन की जानकारी मिले, तो कृपया तुरंत STF Cyber Police Station mail ID- ccps.deh@uttarakhandpolice.uk.gov.in पर साझा करें।
- किसी भी प्रकार की साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करें।








