बदरीनाथ धाम में तीर्थ यात्रियों के लिए पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, जानें क्यों…

0
3

चमोली। बदरीनाथ धाम की यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और उन्हें ठगों से बचाने के लिए चमोली पुलिस ने एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। हाल के वर्षों में तीर्थस्थलों पर ठगी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिनमें तीर्थयात्रियों को पूजा, दर्शन और विशेष अनुष्ठानों के नाम पर ठगा जाता है। इन घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने यह कदम उठाया है।

पुलिस का कहना है कि धाम में सक्रिय ठग भक्ति और आस्था का फायदा उठाकर तीर्थ यात्रियों को ठगने का प्रयास कर सकते हैं। तीर्थ यात्रियों को चाहिए कि वह तमाम प्रलोभनों के बावजूद इनके चंगुल में न आएं।

पुलिस अधीक्षक चमोली सर्वेश पंवार की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि पैसे देकर दर्शन करने का कोई भी धार्मिक या आध्यात्मिक लाभ नहीं है। भगवान के दर्शन के लिए हृदय की शुद्धता और सच्ची लगन का होना जरूरी है, न कि पैसा। यह केवल उन लोगों का पैसे ऐंठने का तरीका है, जो आपकी आस्था का फायदा उठाना चाहते हैं। ऐसे कृत्य न केवल आपकी जेब पर भारी पड़ते हैं, बल्कि धाम की पवित्रता और व्यवस्था को भी भंग करते हैं।

बदरीनाथ धाम एक पवित्र स्थान है और इसकी गरिमा व पवित्रता को बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है। दर्शन के लिए निर्धारित और व्यवस्थित लाइन प्रणाली है। यह प्रणाली सभी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए बनाई गई है।

  • धैर्य रखें और निर्धारित लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करें
  • लाइन में लगे अन्य श्रद्धालुओं के साथ सहयोग करें
  • पैसे लेकर दर्शन करवाने या अन्य किसी भी प्रकार का प्रलोभन देने वालों से बचें
  • ऐसे किसी भी व्यक्ति के बारे में तुरंत मंदिर प्रशासन या पुलिस को सूचित करें
  • एडवाइजरी में कहा गया है कि धाम में दर्शन व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस-प्रशासन और मंदिर समिति लगातार प्रयासरत हैं। ध्येय यही है कि सभी श्रद्धालुओं को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से दर्शन हो सकें।
  • श्रद्धालुओं का सहयोग पूरी दर्शन प्रक्रिया को आसान बना सकता है। इसलिए सभी श्रद्धालुओं से अपेक्षा की गई है कि वे पुलिस-प्रशासन और मंदिर समिति कर्मचारियों के साथ सहयोग करें।
Enews24x7 Team

Comments are closed.