रांची ब्लाइंड मर्डर: धड़ जलाया और सिर काटकर दफनाया; प्रेमी संग पत्नी ने पति को दी क्रूर मौत

0
1

रांची। झारखंड के रांची जिले के तlमाड़ क्षेत्र में सामने आई एक दिल दहला देने वाली वारदात का पुलिस ने 17 दिनों बाद सनसनीखेज खुलासा करने का दावा किया है। रांची पुलिस टीम ने 19 जून को संजय लोहरा की गला काटकर हत्या करने के मामले की गुत्थी सुलझा ली है।

मंगलवार को पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस वारदात को संजय लोहरा की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पत्नी ने पहले बुंडू थाना क्षेत्र के सुमंडीह महादेव टांड के पास पति संजय लोहरा का गला काटकर हत्या की, फिर उसके धड़ को जला दिया। साक्ष्य छुपाने की नियत से कार से संजय के सिर को लेकर घटनास्थल से 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित सुंदरडीह रानी वन में दफना दिया।

आरोपी पत्नी और प्रेमी अरेस्ट

वारदात को अंजाम देने के बाद मृतक की पत्नी और प्रेमी फरार हो गए। पूरा खुलासा पत्नी और उसके प्रेमी ने किया। कार समेत अन्य चीजें बरामद कर ली है। डीएसपी ओम प्रकाश ने बताया कि मृतक संजय का सिर बरामद कर लिया है। तकनीकी विश्लेषण, वैज्ञानिक जांच और एफएसएल की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। घटना में चार लोग शामिल थे, जिसमें से दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अन्य की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

19 जून को महादेव टांड़ में मिला था अधजला शव

बुंडू थाने की पुलिस को 19 जून को महादेव टांड़ स्थित झाड़ियों में एक अधजला शव मिला था। शव का सिर नहीं था। हाथ की कलाई में संजय पाल गोदा हुआ था। कई दिनों तक पुलिस को शव की पहचान नहीं हो सकी थी। जांच के बाद खुलासा हुआ। बताया गया कि तमाड़ निवासी संजय लोहरा की पत्नी और नीचे टोला के रहने वाले युवक के बीच काफी अरसे से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इस बात की जानकारी मिलने के बाद संजय ने विरोध शुरू कर दिया। पत्नी के अलावा उसके प्रेमी के साथ भी संजय का कई बार विवाद भी हुआ था।

शौच के बहाने रुकवाई थी पत्नी, फिर हुआ हमला

बताया गया कि पत्नी शादी में रसोइया का काम करती थी। उसने 18 जून को पति से सोनाहातू स्थित शादी समारोह में जाने के लिए आग्रह किया। दोनों बाइक से सोनाहातू गए। लौटते समय सोनाहातू-बुंडू बॉर्डर के पास पत्नी ने शौच करने की बात कह बाइक रुकवाई, तभी प्रेमी समेत तीन लोगों ने संजय लोहरा पर लाठी से हमला कर अचेत कर दिया। इसके बाद कार में लेकर महादेव टांड़ ले गए, जहां सभी ने हत्या कर सिर को धड़ से अलग कर दिया। इसके बाद धड़ को जला दिया। सिर काटकर तमाड़ के जंगल में दफना दिया।

Enews24x7 Team