उत्तराखंड में फिर बदला मौसम, इन जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

देहरादून।उत्तराखंड में मौसम का मिजाज इन दिनों दोहरे रंग दिखा रहा है। एक तरफ जहां ऊंचे हिमालयी क्षेत्रों में ताजा पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) की दस्तक से बर्फबारी और बारिश का दौर शुरू होने वाला है। वहीं दूसरी ओर मैदानी इलाके फरवरी के महीने में ही अप्रैल जैसी झुलसाने वाली गर्मी का सामना कर रहे हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं। खासकर 3000 हजार से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की अधिक संभावना है।
हालांकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। आने वाले दिनों की बात करें तो 19 फरवरी को भी प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम कुछ ऐसा ही रहेगा। जबकि 20 से 22 फरवरी तक मौसम शुष्क रहेगा। अब अगर मंगलवार के मौसम की बात करें तो देहरादून में तेज धूप खिली रही। जिससे लोगों को दिन में बेहद गर्मी महसूस हुई। यहां अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ गया, जो सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा है। जबकि, न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, उधम सिंह नगर में अधिकतम 27.7 डिग्री और न्यूनतम 9.6 डिग्री रहा। आज भी मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन देहरादून में आंशिक बादल छाने की संभावना है।








