उत्तराखंड: इन जिलों में बारिश-बर्फबारी की संभावना, मैदानी इलाकों में सामान्य से ज्यादा तापमान

देहरादून।उत्तराखंड के 5 जिलों में आज यानी 10 मार्च को बारिश और बर्फबारी की संभावना है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश, गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश व बर्फबारी की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 10 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई है। खासकर प्रदेश के 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार ज्यादा हैं।
वहीं, सोमवार के आंकड़ों पर नजर डालें तो दून का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री इजाफे के साथ 31.0 डिग्री दर्ज किया गया जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से पांच डिग्री बढ़ोतरी के साथ 16.9 रिकॉर्ड किया गया। पर्वतीय क्षेत्र मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान सामान्य से 9 डिग्री बढ़ोतरी के साथ 25.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान भी सामान्य से पांच डिग्री बढ़ोतरी के साथ 10.5 डिग्री रहा। ऐसा ही हाल प्रदेश के अन्य इलाकों में भी रहा।








