धामी सरकार के चार साल पूरे, आज से तीन दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन

देहरादून।उत्तराखण्ड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश भर में जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल थीम पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 23 से 25 मार्च तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का शुभारंभ सोमवार को परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। कार्यक्रम का प्रदेश के सभी जनपदों में प्रसारण भी किया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल पर ही स्वास्थ्य परीक्षण भी होगा: इन कार्यक्रमों की एक और खास बात ये भी रहेगी कि कार्यक्रम स्थल पर ही स्वास्थ्य परीक्षण भी होगा। इसमें टीकाकरण, दिव्यांग प्रमाण पत्र और सहायक उपकरण वितरण भी शामिल होगा। सीएम धामी परेड ग्राउंड से ही वर्चुअली राज्य की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे।
देहरादून में ट्रैफिक डायवर्जन:इस विशेष कार्यक्रम के मद्देनजर देहरादून शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पुलिस विभाग ने शहर के कई रूटों में ट्रैफिक का डायवर्जन किया है। कार्यक्रम के लिए पार्किंग और पिकअप प्वाइंट चिह्नित किए गए हैं।
चंपावत से जीते थे धामी खटीमा से हारे: पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री के रूप में अपने दूसरे कार्यकाल में आज ही के दिन 2022 में पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। हालांकि धामी खटीमा से चुनाव हार गए गए थे। इसके बावजूद बीजेपी आलाकमान ने पुष्कर सिंह धामी को ही मुख्यमंत्री चुना था। इसके बाद चंपावत से बीजेपी विधायक कैलाश गहतोड़ी ने धामी के लिए अपनी सीट छोड़ दी थी। पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत से विधानसभा का चुनाव लड़ा। उन्होंने कांग्रेस की निर्मला गहतोड़ी को 55,025 वोटों से हराया था।







