उत्तराखंड: सोशल मीडिया पर दोस्ती प्यार में बदली, ब्रेकअप होने पर किशोर ने उठाया खौफनाक कदम

उधम सिंह नगर।जिले के दिनेशपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक 17 वर्षीय किशोर ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला प्रेम संबंध से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से किशोर काफी परेशान और चुप-चुप रहने लगा था। परिवार वालों को पहले इस बात की पूरी जानकारी नहीं थी कि वह किस बात को लेकर तनाव में है। बाद में पता चला कि जिस किशोर से उसकी दोस्ती और प्रेम संबंध था, उसने कथित तौर पर उससे बातचीत बंद कर दी थी और रिश्ता खत्म कर दिया था। इस बात से किशोर गहरे मानसिक तनाव में चला गया था।
बताया जाता है कि घटना वाले दिन भी किशोर घर पर ही था। कुछ समय बाद जब परिजनों ने उसे कमरे में देखा तो वह पंखे से लटका हुआ मिला। यह दृश्य देखते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए। आनन-फानन में आसपास के लोगों को सूचना दी गई और पुलिस को भी खबर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही दिनेशपुर थाना पुलिस प्रभारी निरीक्षक रविंद्र बिष्ट मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र बिष्ट ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। किशोर पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रो-रोकर परिजनों का बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।








