उत्तराखंड: महिला की गला काटकर हत्या, पुल के पास मिली लाश, इलाके में सनसनी

0
2

हरिद्वार/मंगलौर।रुड़की के मंगलौर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंगनहर के किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, मंगलौर कस्बा क्षेत्र में पुराने गंगनहर पुल के किनारे मंगलवार की सुबह एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बताया गया है कि मृतका की उम्र करीब 40 वर्ष है और महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा हुआ मिला है। प्रथम दृष्टया महिला की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल और मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान मेहर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र की जानकारी जुटाई गई। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। हालांकि अभी महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थानों से भी संपर्क कर महिला की गुमशुदगी से संबंधित जानकारी जुटा रही है।

इसके अलावा पुलिस द्वारा घटनास्थल और उसके आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। ताकि महिला के वहां पहुंचने और घटना से जुड़े संदिग्धों के बारे में जानकारी मिल सके। वहीं पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि महिला को घटनास्थल पर लाया गया था या वारदात कहीं और करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया है।

वहीं घटनास्थल के आसपास मिले सबूतों को पुलिस ने जांच के लिए सुरक्षित किया है। फिलहाल महिला की शिनाख्त और हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

Enews24x7 Team