पीएम मोदी करेंगे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण, इन तीन राज्यों को देंगे सौगात

0
1

देहरादून: उत्तराखंड के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही आज से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर विधिवत संचालन भी आज से शुरू हो जाएगा। इस एक्सप्रेसवे से देहरादून से दिल्ली की दूरी सिर्फ ढाई घंटे में तय हो जाएगी। इसे दून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर भी कहा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 12:30 बजे जनसभा स्थल पहुंचेंगे।

28वीं बार उत्तराखंड आ रहे प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी 28वीं बार उत्तराखंड आ रहे हैं। पांच बार केदारनाथ आ चुके हैं, साथ ही बदरीनाथ व मुखबा का भी दौरा कर चुके हैं। बीते वर्ष मार्च में उत्तरकाशी जिले में मां गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा पहुंचकर प्रधानमंत्री ने शीतकालीन यात्रा का संदेश दिया था।

चप्पे-चप्पे पर पुख्ता सुरक्षा, रूट डायवर्ट

प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई है। शहर में व्यापक स्तर पर रूट डायवर्ट किया गया है। रैली में शामिल होने के लिए आने वाली बसों को भी रैली स्थल से काफी दूर ही पार्क करने की व्यवस्था है। पुलिस और वनकर्मियों ने जंगल में गहन कॉम्बिंग की है। पुलिस ने शहर के सभी होटल, गेस्ट हाउस में रुके हुए लोगों का ब्योरा जांचा। सोमवार को सुरक्षा व्यवस्थाओं का पूर्वाभ्यास किया।

एक्सप्रेसवे से बंदर हटाने को गुलेल टीम तैनात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के लिए वन विभाग भी पूरी तरह से अलर्ट है। एलिवेटेड रोड से मां डाट काली मंदिर तक बड़ी संख्या में बंदर सड़क पर रहते हैं। इस लिहाज से बड़ी संख्या में वनकर्मियों को तैनात किया गया है। वनकर्मी गुलेल से बंदरों को हटाने का काम करेंगे। मां डाट काली मंदिर में करीब 10 वनकर्मियों को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही एलिवेटेड रोड के नीचे मोहंड क्षेत्र में 30 वनकर्मी तैनात किए गए हैं।

पीएम के दून दौरे की अभेद्य सुरक्षा

पीएम दौरे के दौरान पुलिस ने अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था की है। इसके लिए तीन हजार पुलिसकर्मी रोड शो रूट और कार्यक्रम स्थल के आसपास तैनात रहेंगे। इनमें 550 महिला पुलिस अधिकारी और कर्मियों को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। ये अफसर और कर्मचारी कंट्रोल रूम से लेकर शहर में भी ड्यूटी पर तैनात रहेंगी।

12 किलोमीटर रोड शो के लिए 13 जोन बने, जोनल मजिस्ट्रेट तैनात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 किलोमीटर लंबे रोड शो के लिए मार्ग को कुल 13 जोन में बांटा गया है। सभी जोन में जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके साथ ही सेक्टर और नोडल अफसर भी अलग-अलग जोन में तैनात किए गए हैं।

देहरादून में पांच साल में डेढ़ गुना बढ़े वाहन

पुलिस का अनुमान है कि एक्सप्रेसवे खुलने के बाद इस क्षेत्र में वाहनों की संख्या पीक समय में तीन से चार गुना तक हो सकती है। हालांकि, पुलिस इसके विधिवत शुरुआत के बाद एक सप्ताह का डाटा जुटाएगी। एसपी ट्रैफिक लोकजीत ने बताया कि फिलहाल यह आंशिक रूप से ही खुला है और पीक समय शुरू होने वाला है। ऐसे में एक सप्ताह का डाटा आने के बाद यहां और क्या तैयारियां करनी हैं, इसका प्लान बनाया जाएगा। जहां तक देहरादून की बात है तो यहां स्थानीय वाहनों का भी खासा दबाव है। यहां पांच साल में रजिस्टर्ड वाहनों की संख्या लगभग 90 हजार से 1.30 लाख हो गई है। शहर के लिए ये वाहन भी बड़ी चुनौती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर को आज जनता को समर्पित करेंगे। पीएम मोदी के स्वागत के लिए उत्तराखंड तैयार है। आज मंगलवार को प्रधानमंत्री 11,963 करोड़ से तैयार दून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर को जनता को समर्पित कर उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली को सौगात देंगे।

पहली बार राजधानी दून में 12 किमी का रोड शो करेंगे और फिर गढ़ी कैंट स्थित मैदान से जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान चप्पे-चप्पे पर कड़ी सुरक्षा रहेगी और बड़े स्तर पर वाहनों का रूट डायवर्ट रहेगा।

Enews24x7 Team

Comments are closed.