उत्तराखंड: PWD का गजब काम, दो साल पहले दिवंगत कर्मचारी का दो बार कर दिया ट्रांसफर

0
3

देहरादून। लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं। विभाग ने एक जुलाई को जारी स्थानांतरण सूची में एक दिवंगत कनिष्ठ सहायक का नाम शामिल किया है। यह पहली बार नहीं हुआ। कर्मचारी सुरेंद्र सिंह का लगातार दूसरी बार स्थानांतरण आदेश है, जिनका निधन 28 अप्रैल 2024 को हो चुका है।

तबादला सूची के क्रमांक-37 में कनिष्ठ सहायक सुरेंद्र सिंह का स्थानांतरण निर्माण खंड थराली से प्रांतीय खंड रुद्रपुर दर्शाया गया है। जबकि उनके निधन के बाद उनकी पत्नी को निर्माण खंड गैरसैंण में मृतक आश्रित के रूप में नियुक्ति भी मिल चुकी है। इसके बावजूद विभागीय रिकॉर्ड अपडेट नहीं किए गए।

तीन बार भेजी गई थी लिखित सूचना

जानकारी के अनुसार, संबंधित कार्यालय ने सुरेंद्र सिंह के निधन की सूचना विभागाध्यक्ष कार्यालय को तीन बार लिखित रूप से भेजी थी। इसके अलावा कई बार मौखिक रूप से भी अधिकारियों को अवगत कराया गया था। इसके बावजूद विभागीय अभिलेखों में सुधार नहीं किया गया, जिससे लगातार दूसरे वर्ष भी उनका नाम स्थानांतरण सूची में शामिल हो गया।

कर्मचारी संगठन ने जताई नाराजगी

उत्तरांचल लोक निर्माण विभाग मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन के प्रांतीय महामंत्री आनंद सिंह पुजारी ने इस मामले को विभागीय लापरवाही और उदासीनता का गंभीर उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि कई बार सूचना देने के बावजूद रिकॉर्ड अपडेट न होना विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। साथ ही लापरवाह अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग भी की।

उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग

एसोसिएशन ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है। संगठन का कहना है कि भविष्य में ऐसी लापरवाही रोकने के लिए विभाग को अभिलेखों के रखरखाव की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।

त्रुटि को संशोधित कर दिया जाएगा

लोक निर्माण विभाग के एसओडी आर.सी. शर्मा ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों का विवरण विभिन्न डिवीजनों से एचआरएम के माध्यम से प्राप्त होता है। यदि किसी कारणवश त्रुटि हुई है तो उसे संशोधित कर दिया जाएगा।

Enews24x7 Team