कला को समर्पित ‘यशकृतिका फाउंडेशन’ की दो दिवसीय नृत्य कार्यशाला संपन्न

देहरादून, 28 जून 2026। कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से यशकृतिका फाउंडेशन द्वारा दिनांक 27 एवं 28 जून, 2026 को दो दिवसीय नृत्य कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला में बच्चों, अभिभावकों एवं विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यशाला के प्रथम दिवस 27 जून को प्रतिभागियों को सेमी-क्लासिकल नृत्य का प्रशिक्षण दिया गया, जबकि दूसरे दिवस 28 जून को उत्तराखण्डी लोक नृत्य की विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। प्रशिक्षक शिवानी खण्डूरी एवं गौरांगी बडोला ने प्रतिभागियों को नृत्य की विभिन्न तकनीकों एवं अभिव्यक्तियों का प्रभावी प्रशिक्षण प्रदान किया।

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी नृत्य प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ मनोरंजन, आत्मविश्वास और मानसिक शांति का भी अनुभव किया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल नृत्य प्रशिक्षण तक सीमित न रहकर भारतीय संस्कृति एवं लोक कला के प्रति लोगों में जागरूकता और रुचि विकसित करना भी रहा।
यशकृतिका फाउंडेशन की संस्थापक कमलेश नेगी एवं यशपाल उनियाल ने भविष्य में भी इस प्रकार की सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का नियमित रूप से आयोजन करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम के सफल संचालन एवं व्यवस्थापन में फाउंडेशन की कोऑर्डिनेटर खुशी चंदोला, निशा सेमवाल, शिवाशी रौथाण, कनिष्का शाह तथा सुधीर कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यशाला के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।








